'सरदार पटेल के वोट चोरी कर नेहरू बने थे PM'...कांग्रेस की मॉक संसद पर संबित पात्रा का पलटवार

Amanat Ansari 31 Oct 2026 06:24 PM 1 Mins
'सरदार पटेल के वोट चोरी कर नेहरू बने थे PM'...कांग्रेस की मॉक संसद पर संबित पात्रा का पलटवार

नई दिल्ली: कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ‘मॉक पार्लियामेंट’ तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम के बीच भाजपा ने तीखा पलटवार किया. भाजपा सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को वोट और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.

पात्रा ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतंत्र का मजाक उड़ा रहे हैं. वे असली संसद में हंगामा करते हैं और काम नहीं होने देते. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब खड़गे जी वोट चोरी की बात कर रहे थे तो मैंने सोचा कि हां, वोट चोरी हुई थी. पंडित नेहरू सरदार पटेल का वोट चोरी करके प्रधानमंत्री बने थे. पहली वोट चोरी नेहरू जी ने की थी.”

नेहरू-पटेल विवाद का जिक्र

संबित पात्रा ने दावा किया कि आजादी के समय कांग्रेस के अधिकांश वरिष्ठ नेताओं का समर्थन सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में था, फिर भी पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री बने. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर नेताओं की राय को नजरअंदाज कर लोकतांत्रिक भावना के विपरीत फैसला लिया गया.

मतदाता सूची से नाम हटने पर सफाई

पात्रा ने विभिन्न राज्यों में करीब 13 करोड़ नाम अंतिम मतदाता सूची में न आने के मुद्दे पर ASDD फॉर्मूला का जिक्र किया.

  • A = Absent (अनुपस्थित)
  • S = Shifted (स्थानांतरित)
  • D = Death (मृत्यु)
  • D = Duplicate (डुप्लीकेट)

उन्होंने कहा कि लगभग 12 करोड़ लोग स्थायी रूप से एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं. ऐसे लोगों की जिम्मेदारी है कि वे फॉर्म-6 भरकर नए स्थान पर नाम दर्ज कराएं. कई लोग यह सोचते हैं कि पुरानी जगह से नाम अपने आप हट जाएगा, जो सही नहीं है. पात्रा ने दावा किया कि देश में अब तक 12 बार SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) हो चुका है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस शासन के दौरान हुआ.

फर्जी वोटिंग रुकने पर कुछ लोगों में असंतोष स्वाभाविक है. यह बयान कांग्रेस की मॉक संसद के जवाब में आया है, जिसमें विपक्ष ने CEC पर वोट चोरी और मतदाता नाम काटने के आरोप लगाए थे. भाजपा का कहना है कि कांग्रेस असली संसद का मजाक उड़ाती है और इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है.

Recent News