लखनऊ: सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर आज उत्तर प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास और रोजगार की बड़ी सौगात मिलने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक भवन सभागार में 1,725 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री इस योजना से जुड़े विशेष पोर्टल का भी लोकार्पण करेंगे. पहले चरण में प्रदेश के पांच प्रमुख जिलों लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, झांसी और गौतम बुद्ध नगर में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास केंद्र’ का शिलान्यास किया जाएगा.
युवाओं के सशक्तिकरण और रोजगार के नए अवसर खोलने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी होगा. समारोह में एमएसएमई विभाग और यूपीएसआईडीसी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षित युवाओं को जॉब ऑफर लेटर व प्लेसमेंट लेटर सौंपे जाएंगे. स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमई विभाग के लाभार्थियों को टूलकिट और वित्तीय सहायता के चेक भी वितरित किए जाएंगे.
इस अवसर पर दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, अनिल राजभर, आशीष पटेल, भूपेंद्र चौधरी, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के अलावा कई विधायक और नेतागण मौजूद रहेंगे. यह योजना युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार का बड़ा कदम माना जा रहा है.