पटना: बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) पुनर्विकास योजना (फेज-1) के तहत नवनिर्मित टावर-3 का शिलान्यास पट्टी अनावरण कर औपचारिक उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद उन्होंने पूरे भवन का विस्तृत निरीक्षण किया और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा. इससे राज्य के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी. टावर-3 के भूतल पर मुख्यमंत्री ने कियोस्क और काउंटर के जरिए ओपीडी मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया, अल्पाहार गृह की व्यवस्था तथा पुनर्विकास योजना के अब तक पूरे हुए और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. पांचवें तल पर उन्होंने पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीकू) वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया.
इसके बाद प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी)-22 का जायजा लिया. विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों और स्त्री रोग संबंधी ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं की भी जानकारी ली. प्रथम तल पर रेडियोलॉजी विभाग की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया और चिकित्सकों तथा पदाधिकारियों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मरीजों के उपचार की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए. उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
सभी संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और समस्याओं का त्वरित समाधान करें. उन्होंने पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया. स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार रवि ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया. पीएमसीएच के इस पुनर्विकास से बिहार की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है.
टावर-3 के उद्घाटन से मरीजों को आधुनिक सुविधाओं वाला बेहतर इलाज मिलने का रास्ता खुल गया है. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरासिया, विधायक संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित थे.