CM सम्राट ने बाढ़ प्रभावित 2.48 लाख किसानों के खातों में 112.52 करोड़ रुपए किए ट्रांसफर, दशहरा के बाद छूटे किसानों के लिए विशेष अभियान का निर्देश

Amanat Ansari 14 Oct 2026 07:18 PM 1 Mins
CM सम्राट ने बाढ़ प्रभावित 2.48 लाख किसानों के खातों में 112.52 करोड़ रुपए किए ट्रांसफर, दशहरा के बाद छूटे किसानों के लिए विशेष अभियान का निर्देश

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ कक्ष में कृषि विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अगस्त 2026 के अंतिम सप्ताह में हुई अतिवृष्टि और नदियों के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से आई बाढ़ से फसल क्षति झेलने वाले 2,48,704 किसानों के बैंक खातों में कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से 112.52 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को संकट के समय सहायता पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि कुल 4,57,616 किसानों ने अनुदान के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 2,48,704 प्रभावित किसानों के खातों में आज राशि पहुंच गई है.

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दशहरा के बाद 22 अक्टूबर से विशेष अभियान चलाकर बाढ़ से प्रभावित उन किसानों को भी फसल क्षति की अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाए, जो अभी छूट गए हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी आपदा प्रभावित किसान अनुदान राशि से वंचित न रहे.

कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत असिंचित फसल क्षेत्र के लिए 8,500 रुपए प्रति हेक्टेयर, सिंचित क्षेत्र के लिए 17,000 रुपए प्रति हेक्टेयर तथा सायवत/बहुवर्षीय फसल के लिए 22,500 रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान दिया जाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे किसानों को फसल क्षति के बाद खेती के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी.

इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के किसानों के हितों के प्रति निरंतर चिंता का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि कृषि विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों ने बाढ़ के दौरान समन्वय बनाकर बेहतर काम किया. राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है.

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. संबंधित जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे.

Recent News