पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित 1.60 लाख परिवारों के बैंक खातों में अनुग्रह अनुदान के रूप में 7-7 हजार रुपए हस्तांतरित किए. डीबीटी के माध्यम से कुल 112.14 करोड़ रुपए की राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाई गई.
मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएम सम्राट चौधरी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर अभी भी कोई प्रभावित परिवार इस राशि से वंचित है तो उनका नाम शीघ्र भेजें, ताकि उन्हें भी यह सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
उन्होंने कहा कि 14 अक्टूबर को किसानों को कृषि इनपुट की राशि जारी की जाएगी. मुख्यमंत्री ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचनाओं को दीपावली से पहले दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया, ताकि प्रभावित इलाकों में जनजीवन सामान्य हो सके.
गंगा, गंडक, कोसी, बागमती और बलान नदियों में आई बाढ़ से करीब 55 लाख की आबादी प्रभावित हुई थी. भागलपुर में अभी भी बाढ़ का कहर जारी है. नवगछिया में गंगा नदी के भीषण कटाव से कई ऊंचे-ऊंचे मकान नदी में समा गए हैं. सरकार बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए तेजी से काम कर रही है.