Chamoli Road Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. देवाल-लोहाजंग मोटर मार्ग पर ल्वाणी गांव के पास एक ईको वैन करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई. इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
ग्राम बांक (लोहाजंग) निवासी बलबीर सिंह अपने परिजनों के साथ भजन सिंह के पार्थिव शरीर को ले जा रहे थे. भजन सिंह का देहरादून में इलाज के दौरान निधन हो गया था. पार्थिव शरीर को एक अलग एम्बुलेंस से ले जाया जा रहा था, जबकि परिजन ईको वैन में पीछे-पीछे आ रहे थे. सुबह करीब चार बजे जंगल वाले इलाके में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को नींद आ जाने के कारण यह हादसा हुआ माना जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही थराली पुलिस, SDRF की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया. बचाव दल ने खाई से लोगों को बाहर निकालने के लिए मुश्किल अभियान चलाया. तीन शव मौके पर ही निकाले गए, जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद देवाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, इसलिए उन्हें एयरलिफ्ट कर देहरादून रेफर करने की तैयारी चल रही है. इस हादसे से पूरा इलाका शोक में डूब गया है. एक तरफ परिवार दिवंगत भजन सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, वहीं रास्ते में इस त्रासदी ने पूरे गांव को गहरे दुख में डाल दिया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.