पौड़ी: देवप्रयाग-पौड़ी रोड पर कुंडाधार के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई. सिर्फ एक मासूम बच्चा जिंदा बच पाया. हरिद्वार के लक्सर से पौड़ी की ओर जा रहे परिवार की बोलेरो करीब ढाई मीटर गहरी खाई में गिर गई.
हादसे में रायपुर जीतपुर (लक्सर, हरिद्वार) निवासी अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटा शादाब (14), बेटी अनाविया (3) और गुफरान (34) की मौत हो गई. 16 वर्षीय अरहाम गंभीर रूप से घायल हो गए. खड़ी चढ़ाई होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं. पौड़ी और टिहरी पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम ने शवों को खाई से बाहर निकाला.
घायल अरहाम को पहले स्वास्थ्य केंद्र बागी (देवप्रयाग) ले जाया गया, फिर श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह साढ़े 11 बजे के आसपास हुआ. प्रथमदृष्टया ओवर स्पीड को वजह बताया जा रहा है. परिवार ठेकेदारी और वैल्डिंग का काम करता था.