आजम खान के सल्तनत को किया नेस्तनाबूत, अब यूपी छोड़ेंगे IAS आंजनेय कुमार सिंह, खत्म हुआ कार्यकाल

Global Bharat 15 Aug 2026 12:22 PM 1 Mins
आजम खान के सल्तनत को किया नेस्तनाबूत, अब यूपी छोड़ेंगे IAS आंजनेय कुमार सिंह, खत्म हुआ कार्यकाल

रामपुर : उत्तर प्रदेश में चर्चित IAS अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह का यूपी में कार्यकाल अब खत्म हो गया है. उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें कार्यमुक्त करने की मंजूरी दे दी है. वर्तमान में वह मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर के पद पर तैनात हैं. उनके कार्यमुक्त होने के बाद अब उनके यूपी से बाहर जाने का रास्ता साफ हो गया है.

आंजनेय कुमार सिंह मूल रूप से सिक्किम कैडर के IAS अधिकारी हैं. वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने उन्हें प्रतिनियुक्ति के तहत सिक्किम कैडर से उत्तर प्रदेश भेजा था. यूपी में आने के बाद अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल में उन्हें पहली बड़ी जिम्मेदारी बुलंदशहर के जिलाधिकारी के रूप में मिली थी. इसके बाद उन्होंने प्रदेश के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया.

रामपुर में तैनाती के दौरान आंजनेय कुमार सिंह सबसे ज्यादा चर्चा में आए. उन्होंने तत्कालीन सपा नेता और पूर्व मंत्री आजम खान के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई. उनके कार्यकाल में आजम खान और उनके समर्थकों से जुड़े मामलों में प्रशासन की ओर से कई बड़ी कार्रवाइयां हुईं. इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में उन्हें आजम खान की मजबूत राजनीतिक पकड़ को चुनौती देने वाले अधिकारियों में गिना जाने लगा.

केंद्र सरकार की ओर से उन्हें लगातार सात बार सेवा विस्तार भी दिया गया. लंबे समय तक यूपी में तैनाती के बाद अब उनका कार्यकाल समाप्त हो गया है और राज्य सरकार ने उन्हें कार्यमुक्त करने की अनुमति दे दी है.

आंजनेय कुमार सिंह के यूपी से जाने की खबर ऐसे समय में आई है, जब उनकी प्रशासनिक कार्यशैली और रामपुर में आजम खान के खिलाफ की गई कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है. अब देखना होगा कि उन्हें आगे केंद्र या उनके मूल कैडर सिक्किम में कौन-सी जिम्मेदारी मिलती है.

Anjaney Kumar Singh Azam Khan IAS Officer Rampur Uttar Pradesh Government

Description of the author

Recent News