प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र से जुड़े एक चर्चित मामले में मध्य प्रदेश के रीवा की 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस के अनुसार, युवती की इंस्टाग्राम पर प्रिंस वर्मा नाम से एक युवक से दोस्ती हुई थी. परिजनों का आरोप है कि युवक की असली पहचान मोहम्मद साहिल या साहिल खान थी, जिसने अपनी पहचान छिपाकर युवती को अपने साथ प्रयागराज बुलाया.
एफआईआर के अनुसार, परिवार ने आरोप लगाया है कि युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया, उसके साथ मारपीट हुई और उसने अपनी छोटी बहन को फोन कर जान का खतरा होने की बात भी कही थी. बाद में तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले एक निजी अस्पताल और फिर स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया. आरोप है कि अस्पताल के रिकॉर्ड में युवती का नाम बदलकर इकरा खान और पति के रूप में 'साहिल खान' दर्ज कराया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें बिना सूचना दिए युवती का शव दफना दिया गया. शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन शव काफी खराब हो जाने के कारण मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका.
पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. इस मामले में मुख्य आरोपी साहिल, उसकी मां और एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया चैट और कॉल रिकॉर्ड समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. अंतिम निष्कर्ष जांच और अदालत की प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा.