PES University: बेंगलुरु के एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर पर मुस्लिम छात्र को आतंकवादी कहने और क्लास में गाली-गलौज करने का आरोप लगने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया है. प्रोफेसर को निलंबित कर दिया गया है. PES यूनिवर्सिटी में 24 मार्च को हुई इस घटना का वीडियो छात्रों द्वारा क्लासरूम के अंदर फिल्माया गया था, जिसमें प्रोफेसर मुरलीधर देशपांडे एक छात्र से कहते सुनाई दे रहे हैं...
''तुम आतंकवादी हो, क्या खाके आते हो. आज मैं बहुत शांत रहने वाला था. शर्म नहीं आती हो? (Don't you have any shame?) बेकार का आदमी.'' यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें प्रोफेसर की टिप्पणियों को साम्प्रदायिक और अपमानजनक बताकर कड़ी निंदा की जा रही है.
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस छात्र विंग के सदस्यों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से मुलाकात की और घटना पर कार्रवाई की मांग की. इसके बाद PES यूनिवर्सिटी ने प्रोफेसर मुरलीधर देशपांडे को निलंबित कर दिया है और जांच शुरू कर दी है.
यूनिवर्सिटी के चांसलर जवाहर डोरेस्वामी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा, ''हर क्लासरूम में CCTV लगा हुआ है. हमने अपनी टेक्निकल टीम को वीडियो की सत्यता जांचने को कहा है. हमने तुरंत फैकल्टी सदस्य को सस्पेंड कर दिया है और मैनेजमेंट की डिसिप्लिनरी कमिटी सबूतों की जांच करेगी.'' इस घटना ने ऑनलाइन भी भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. कई लोगों ने साम्प्रदायिक गाली का विरोध किया और प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.