सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में दूध सप्लाई करने वाले एक युवक का कथित तौर पर दूध में थूकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के नैपालपुर गांव का बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.
जानकारी के अनुसार, युवक गांव और आसपास के कई घरों में नियमित रूप से दूध की आपूर्ति करता था. वायरल वीडियो में वह कथित रूप से दूध में थूकता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच के दायरे में लिया है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रारंभिक तौर पर युवक के विशेष समुदाय से होने और हिंदू परिवारों को दूध सप्लाई करने के दावे सोशल मीडिया पर किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.