लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादलों की लंबी सूची जारी की. जारी आदेश के मुताबिक कुल 38 अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है. इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं, जबकि शासन और विकास प्राधिकरणों में भी अहम बदलाव किए गए हैं. प्रदेश में 8 जिलों के डीएम बदले गए हैं, इनमें देवरिया, जौनपुर, मऊ, महाराजगंज, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, संभल और प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी शामिल हैं.
नई तैनाती में मधुसूदन हुल्गी को देवरिया, संजय पाल को जौनपुर, आनंद वर्धन को मऊ, गौरव सिंह सोगरवाल को महाराजगंज, संतोष कुमार शर्मा को फिरोजाबाद, राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद, अंकित खंडेलवाल को संभल और अभिषेक पांडेय को प्रतापगढ़ का डीएम बनाया गया है. वहीं, प्रतापगढ़ के डीएम रहे शिव सहाय अवस्थी को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है. मुरादाबाद के डीएम अनुज सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिली है.
इस सूची का सबसे चर्चित नाम रिंकू सिंह राही का रहा. लंबे समय से चर्चाओं में रहे रिंकू सिंह राही को अब फील्ड पोस्टिंग देते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट, जालौन बनाया गया है. इसे उनके लिए एक अहम प्रशासनिक वापसी माना जा रहा है. रिंकू सिंह राही इससे पहले अपनी कार्यशैली और विवादों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे हैं, ऐसे में उनकी फील्ड तैनाती को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
इसके अलावा कई विकास प्राधिकरणों और विभागों में भी बदलाव किए गए हैं. अंकुर कौशिक को कानपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि मदन सिंह गर्ब्याल को आयुष विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है. महिला अधिकारियों में भी फेरबदल हुआ है। डॉ. अल्का वर्मा को वित्त विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि निधि बंसल को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में निदेशक प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.