हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल... 13 IPS समेत 35 अधिकारी रातोंरात बदले गए, कई को नई जिम्मेदारियां

Amanat Ansari 11 Oct 2026 11:43 AM 1 Mins
हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल... 13 IPS समेत 35 अधिकारी रातोंरात बदले गए, कई को नई जिम्मेदारियां

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने शनिवार देर रात पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 35 पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं. इनमें 13 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और 22 हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) अधिकारी शामिल हैं. आदेशों के तहत वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव के साथ कई जिलों में नई तैनातियां की गई हैं. यह बड़ा प्रशासनिक बदलाव देर रात जारी किए गए आदेशों के जरिए हुआ है.

नवदीप सिंह विर्क बने मानवाधिकार आयोग के महानिदेशक

IPS अधिकारी नवदीप सिंह विर्क को हरियाणा मानवाधिकार आयोग का महानिदेशक नियुक्त किया गया है. इससे पहले वे हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के महानिदेशक तथा सतर्कता एवं सुरक्षा निदेशक का काम संभाल रहे थे. उनकी जगह डॉ. माटा रवि किरण को हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है. उन्हें सतर्कता एवं सुरक्षा निदेशक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.

कई IPS को महानिरीक्षक की भूमिका

बी सतीश बालन को रेलवे एवं कमांडो का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया. वे पहले STS के चीफ थे. मनीष चौधरी को पंचकूला में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया. उनके पास जेल विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा. सिमरदीप सिंह को भोंडसी स्थित विशेष कार्यबल (STF) का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया. उनके पास झज्जर पुलिस आयुक्त और भारतीय रिजर्व बटालियन भोंडसी का अतिरिक्त चार्ज भी होगा. हामिद अख्तर को पदोन्नति के बाद रोहतक रेंज का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया.

अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां

पुलिस मुख्यालय में धीरज कुमार को पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया. उनके पास हरियाणा लोकायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार रहेगा. सुमित कुमार को मानेसर स्थित चौथी IRB बटालियन का अतिरिक्त कमांडेंट बनाया गया. विक्रांत भूषण को सोनीपत के गोहाना में पुलिस उपायुक्त (DCP) नियुक्त किया गया. जितेंद्र गहलावत को सोनीपत में अपराध शाखा का DCP लगाया गया. हितेश यादव को बहादुरगढ़ से स्थानांतरित कर गुरुग्राम में यातायात पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया. उनके पास गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की MERC शाखा का अतिरिक्त चार्ज भी रहेगा.

चार जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

  • दिव्यांशी सिंगला – फतेहाबाद
  • दीपिका अग्रवाल – रेवाड़ी
  • हर्षित गोयल – पानीपत
  • मयंक मुद्गिल – हिसार

#Haryana #NayabSaini #PoliceNews #HaryanaPolice

Recent News