सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के कथूरा गांव में देवी मंदिर के 25 वर्षीय पुजारी सचिन की अफवाहों के आधार पर भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. सचिन पिछले तीन साल से इस मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा कर रहा था. घटना बुधवार रात की बताई जा रही है. पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और घायल पुजारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुजारी के भाई अमन की शिकायत पर बरौदा थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. भाई अमन ने बताया कि सचिन के खिलाफ अश्लील अफवाहें फैलाई जा रही थीं, जिसके चलते यह घटना हुई. सचिन कैथल जिले के रोहेड़ा गांव का रहने वाला था.
उसने सात साल पहले घर छोड़ दिया था और विभिन्न मंदिरों में पुजारी का काम करता था. पिछले तीन साल से वह कथूरा के देवी मंदिर में रह रहा था. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. जांच जारी है.