'UP 4 हिस्सों में बंटेगा तो पटेल सीएम क्यों नहीं?’ मंत्री आशीष पटेल का बड़ा बयान

Amanat Ansari 26 Sep 2026 09:41 PM 1 Mins
'UP 4 हिस्सों में बंटेगा तो पटेल सीएम क्यों नहीं?’ मंत्री आशीष पटेल का बड़ा बयान

प्रयागराज/बारा: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल ने शनिवार को बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंटता है तो पटेल मुख्यमंत्री क्यों नहीं बन सकते? हर बिरादरी के व्यक्ति को एक-एक साल मुख्यमंत्री बनने का मौका मिले, तभी वास्तविक सामाजिक न्याय होगा.

आशीष पटेल यमुनापार के बारा विधानसभा क्षेत्र के गौहनिया में अपना दल एस की जिला स्तरीय संगठन समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने सहयोगी दलों के नेताओं ओम प्रकाश राजभर और जयंत चौधरी के उत्तर प्रदेश विभाजन संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही.

राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया

सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने हाल ही में यूपी को चार हिस्सों में बांटने और पूर्वांचल का सीएम उनके बेटे होने का दावा किया था. इसके बाद सियासी बयानबाजी शुरू हो गई थी. आशीष पटेल ने इसी संदर्भ में कहा कि हर समुदाय को मौका मिलना चाहिए.

2027 चुनाव पर क्या कहा?

2027 में भाजपा से सीटों की मांग के सवाल पर आशीष पटेल ने कहा कि अपना दल एस 2014 से गठबंधन में है. पार्टी सीटें मांगने में नहीं, बल्कि जीतने में विश्वास करती है. गठबंधन में जो सीटें मिलती हैं, उन पर जीत हासिल करने के साथ सहयोगी दलों को जिताने का भी प्रयास किया जाता है. उन्होंने दावा किया कि 2027 में फिर भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनेगी और इसमें अपना दल एस की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. अखिलेश यादव की पीडीएफ रथ यात्रा और कांग्रेस के साथ बयानबाजी पर उन्होंने कांग्रेस को ‘दिशाविहीन’ बताया.

आशीष पटेल ने अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल मसीहा थे और उन्होंने कभी गलत समझौता नहीं किया, न ही दूसरे दल के सिंबल पर चुनाव लड़ा. पल्लवी पटेल ने उनके सिद्धांतों की हत्या करते हुए दूसरे दल के सिंबल पर चुनाव लड़ा. कार्यक्रम में बारा विधायक डॉ. वाचस्पति ने आशीष पटेल का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया.

Recent News