शमी की पत्नी हसीन जहां का विधायक उमेश शर्मा पर गंभीर आरोप! बोलीं- पति से मेरे रिश्ते बिगाड़े, आर्थिक लाभ भी लिया

Amanat Ansari 26 Sep 2026 09:28 PM 1 Mins
शमी की पत्नी हसीन जहां का विधायक उमेश शर्मा पर गंभीर आरोप! बोलीं- पति से मेरे रिश्ते बिगाड़े, आर्थिक लाभ भी लिया

अमरोहा: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा के विधायक उमेश कुमार शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उमेश कुमार ने शमी और उनके परिवार के रिश्ते खराब किए तथा शमी से आर्थिक लाभ लिया. हसीन जहां ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि वर्ष 2018 में शमी अपनी गलतियां स्वीकार कर परिवार में लौटने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन उमेश कुमार के हस्तक्षेप के कारण दोनों के बीच समझौते की संभावना खत्म हो गई.

इसका असर शमी, उन पर और उनकी बेटी के परिवार पर पड़ा तथा दूरी बढ़ती गई. हसीन जहां का कहना है कि शमी के खिलाफ उनकी कानूनी लड़ाई के दौरान उमेश कुमार ने उन्हें बचाने के नाम पर आर्थिक लाभ लिया. उन्होंने उमेश कुमार पर आपराधिक मामलों में आरोपित होने और पुलिस-प्रशासन को प्रभावित कर गैरकानूनी काम कराने जैसे आरोप भी लगाए.

उन्होंने कहा कि 2018 में शमी ने भी उमेश कुमार की मदद ली थी. हसनपुर तहसील क्षेत्र के झूलपुर गांव स्थित उमेश कुमार के फार्म हाउस पर सामने आए गैंगरेप मामले को लेकर भी हसीन जहां ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि फार्म हाउस उमेश कुमार का है, इसलिए वहां हुई घटना की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. उन्होंने जिला पुलिस, प्रशासन और प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और विवेचना जारी है. इससे पहले शुक्रवार को हसीन जहां ने ऐलान किया था कि मोहम्मद शमी या उनके भाई जहां भी चुनाव लड़ेंगे, वहीं से वे भी चुनावी मैदान में उतरेंगी. यह आरोप विधायक उमेश कुमार को लेकर चर्चा बढ़ा रहे हैं.

Hasin Jahan MLA Umesh Kumar Amroha gang-rape Mohammed Shami

Recent News