10 सेकंड की रील से बनती-बिगड़ती है छवि, सपा प्रवक्ताओं को अखिलेश की दो टूक, बिना तैयारी डिबेट में न जाए...

Global Bharat 26 Sep 2026 09:45 PM 1 Mins
10 सेकंड की रील से बनती-बिगड़ती है छवि, सपा प्रवक्ताओं को अखिलेश की दो टूक, बिना तैयारी डिबेट में न जाए...

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के प्रवक्ताओं के साथ बैठक कर मीडिया डिबेट और सोशल मीडिया पर पार्टी की छवि को लेकर अहम दिशा-निर्देश दिए. करीब दो घंटे चली इस बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय और राजकुमार भाटी समेत पार्टी के कई प्रवक्ता मौजूद रहे. बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मीडिया में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने और बयानबाजी में सावधानी बरतने पर चर्चा हुई.

अखिलेश यादव ने प्रवक्ताओं को नसीहत दी कि किसी भी टीवी डिबेट में बिना तैयारी के शामिल न हों.  उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में किसी नेता की घंटों की मेहनत पर महज 10 सेकंड की वायरल रील भारी पड़ सकती है. इसलिए मीडिया के सामने बोलते समय शब्दों का चयन और तथ्यों की जानकारी बेहद जरूरी है.

बैठक में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा हुई. अखिलेश ने कहा कि टीवी डिबेट का पूरा संदर्भ लोगों तक नहीं पहुंचता, बल्कि कई बार किसी बयान का छोटा हिस्सा ही सोशल मीडिया पर वायरल होता है. ऐसे में प्रवक्ताओं को यह ध्यान रखना होगा कि उनकी बात को किस तरह पेश किया जा सकता है.

सपा अध्यक्ष ने प्रवक्ताओं से कहा कि किसी मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखने से पहले पूरी जानकारी जुटाई जाए. आंकड़ों, सरकारी दावों और विपक्ष के सवालों की तैयारी के बाद ही डिबेट में जाएं. उन्होंने प्रवक्ताओं को तथ्यों के साथ जवाब देने और व्यक्तिगत टिप्पणी से बचने की सलाह दी.

बैठक में पार्टी की नीतियों और मुद्दों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी चर्चा हुई. अखिलेश ने प्रवक्ताओं को निर्देश दिया कि वे पार्टी के मुद्दों को स्पष्टता के साथ रखें और अनावश्यक विवादों में न उलझें. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा की मीडिया रणनीति को लेकर यह बैठक अहम मानी जा रही है.

Akhilesh Yadav Samajwadi Party SP Spokespersons UP Politics 2027 TV Debate

Description of the author

Recent News