PM मोदी का राहुल गांधी पर प्रहार, कहा- 'शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए उतावला है पाकिस्तान'

Global Bharat 02 May 2024 03:20: PM 2 Mins
PM मोदी का राहुल गांधी पर प्रहार, कहा- 'शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए उतावला है पाकिस्तान'

लोकसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है. पीएम मोदी गुजरात के आणंद में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्षों तक बैंक कब्जाए रखा. वहीं कांग्रेस के शहजादे माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं, लेकिन कांग्रेस मुझे जवाब दे कि क्या 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर संविधान लागू होता था? 

370 को किया जमींदोज

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी के आने से पहले इस देश में दो संविधान, दो झंडे, दो प्रधानमंत्री थे. कांग्रेस ने कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होने दिया. धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी. सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैंने कश्मीर में तिरंगा झंडा फहराकर, भारत का संविधान लागू कर सरदार साहब का सपना पूरा किया, जो देश (पाकिस्तान) कभी आतंकी एक्सपोर्ट करता था वो आटे के इंपोर्ट के लिए दर-दर भटक रहा है, जिसके हाथ में बम का गोला था उसके हाथ में भीख का कटोरा है.

आरक्षण के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन को घेरा

पीएम मोदी ने आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं कांग्रेस और उनके चट्टे-बट्टे को तीन चुनौती देता हूं. पहला, वो लिखित में दें कि धर्म के आधार पर वो मुसलमानों को आरक्षण नहीं देने देगी. दूसरा, वो एससी-एसटी को मिलने वाली आरक्षण में सेंधमारी नहीं करेंगे. तीसरा, जिन-जिन राज्यों में कांग्रेस और उनके साथियों की सरकार है वो वोट बैंक की राजनीति नहीं करेंगे और बैकडोर से ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं देगी.

पीएम मोदी ने कहा कि मैं जानता हूं कि कांग्रेस मेरी चुनौतियों को स्वीकार नहीं करेगी क्योंकि कांग्रेस की नीयत में खोट है. प्रधानमंत्री ने आगे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है. मजे की बात ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है. कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं. शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है.

‘कांग्रेस सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी’

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी. मोदी सरकार डोजियर में टाइम बर्बाद नहीं करती. आतंकियों को घर में घुसकर मारती है. पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है. अब देश ने 10 साल भाजपा का सेवाकाल भी देखा है. वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है.

‘11वें नंबर की अर्थव्यवस्था को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 में जब आपने अपने इस बेटे को गुजरात से दिल्ली भेजकर देश की सेवा करने का आदेश दिया, उस समय देश के प्रधानमंत्री बड़े विद्वान अर्थशास्त्री थे. जब उन्होंने छोड़ा था, तब देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था. 10 साल में इस गुजराती चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया है.

Recent News