माघ मेला क्षेत्र में अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर के बाहर हंगामा, लाठी-डंडे लेकर घुसने का आरोप

Amanat Ansari 24 Jan 2026 11:15: PM 1 Mins
माघ मेला क्षेत्र में अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर के बाहर हंगामा, लाठी-डंडे लेकर घुसने का आरोप

नई दिल्ली: प्रयागराज के माघ मेला क्षेत्र में एक तनावपूर्ण घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सेक्टर-4, त्रिवेणी मार्ग पर स्थित शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के शिविर के बाहर शनिवार शाम को अज्ञात लोगों ने उपद्रव मचाया.

पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, शाम में कुछ लोग लाठियां, डंडे और झंडे लेकर शिविर की ओर बढ़े और जबरन अंदर घुसने की कोशिश की. उन्होंने आक्रामक नारे लगाते हुए हंगामा किया, जिससे पूरा माहौल गरमा गया. शिविर में मौजूद सेवकों और श्रद्धालुओं ने संयम बरतते हुए उन्हें बाहर निकाला और किसी बड़ी झड़प को टाल दिया.

हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्थिति काफी नाजुक थी और मारपीट हो सकती थी. शिविर के ठीक बाहर शंकराचार्य शांतिपूर्वक भक्तों के बीच विराजमान रहते हैं और बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए आते हैं. इस घटना से संतों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. घटना के बाद शिविर प्रबंधन ने कल्पवासी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

शिकायत में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने, उनकी पहचान कर सख्त कार्रवाई करने और शिविर के आसपास स्थायी पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि आगे कोई अप्रिय घटना होने पर मेला प्रशासन और पुलिस की पूरी जिम्मेदारी होगी. इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

Shankaracharya Avimukteshwaranand camp Prayagraj Magh Mela incident Magh Mela security

Recent News