नई दिल्ली: बांदा जिले के जसपुरा का रहने वाला रवि श्रीवास बुधवार दोपहर मारा गया. उसकी मौत की खबर सुनते ही उसके साथ रिलेशनशिप में रही 18 साल की लड़की ने गले पर ब्लेड मारकर खुदकुशी की कोशिश की. उसकी हालत गंभीर है. पुलिस के मुताबिक, रवि दोपहर करीब 12 बजे लड़की से मिलने परछ गांव पहुंचा था. दोनों का लंबे समय से प्यार था. लड़की का मामा पिंटू उसे घर में देखकर भड़क गया.
गवाहों ने बताया – पहले झगड़ा हुआ, फिर पिंटू ने चाकू से हमला किया. इसके बाद पिंटू और परिवार वालों ने रवि को रस्सी से बांधा और लाठियों से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपियों ने घायल रवि को सरकारी अस्पताल ले जाकर कहा कि उसने सल्फास की गोलियां खा लीं और खाली डिब्बा भी दिखाया. लेकिन चोटों को देख डॉक्टरों को शक हुआ और पुलिस को खबर कर दी. रवि के पिता उमा शंकर उर्फ काली दीन ने 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई.
हमीरपुर SP दीक्षा शर्मा ने कहा – केस दर्ज हो गया, 3 आरोपी हिरासत में हैं, गांव में अतिरिक्त पुलिस तैनात है ताकि तनाव न बढ़े. SP ने बताया, “शुरुआती जांच में पता चला कि घर के अंदर ही रवि की हत्या हुई. लड़की की हालत अभी गंभीर है.” पुलिस आने के तुरंत बाद लड़की ने रवि की मौत सुनकर गले पर ब्लेड मार लिया. उसे ऑटो से मौदहा सरकारी अस्पताल ले जाया गया. मामा पिंटू भी झगड़े में घायल हुआ, उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगे भेजा गया.
पुलिस के अनुसार, रवि और लड़की चचेरे भाई-बहन थे. रवि का परिवार 20 साल पहले परछ गांव से बांदा चला गया था. दोनों का रिश्ता दोनों परिवारों को पता था, लेकिन इसका कड़ा विरोध था. इस साल जून में रवि लड़की को उसकी शादी के 4 दिन पहले भगा ले गया था. 2 जून को उसकी पहली शादी तय थी. पुलिस दबाव के बाद लड़की 2 हफ्ते बाद बरामद हुई, जिससे परिवारों में तनाव बढ़ गया.
लड़की की दूसरी शादी जालौन के कदौरा में 2 नवंबर को तय थी. पुलिस को शक है कि रवि बुधवार को उसे फिर भगाने की कोशिश करने आया था, इसी बात से परिवार भड़क गया. रवि ने परछ गांव जाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने गुस्सा जताया कि लड़की की शादी फिर तय कर दी गई. लेकिन लड़की की दादी कल्ली का दावा है कि पोती ने रवि से रिश्ता तोड़ लिया था और परिवार की पसंद से शादी करने को तैयार थी.
उसने आरोप लगाया कि रवि जबरदस्ती ले जाने आया और पहले पिंटू पर चाकू से हमला किया, तभी झगड़ा मौत तक पहुंचा. पुलिस का कहना है – जांच जारी है, लड़की की हालत ठीक होने पर उसका बयान लिया जाएगा.