नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर तीखा सवाल उठाया है, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान अपशब्द बोलने वाले छात्रों को माफ करने की बात कही थी. दीपके ने पूछा कि क्या यह माफी सिर्फ सोशल मीडिया रील्स तक सीमित रहेगी या छात्रों के खिलाफ दर्ज केस भी वापस लिए जाएंगे.
पीएम मोदी के इंस्टाग्राम और एक्स पर शेयर किए गए सेल्फी वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपके ने पोस्ट किया, ''फ्रेंड, सिर्फ रील पर ही माफ करेंगे या केस भी वापस लेंगे?'' उन्होंने कहा कि क्या माफी की अपील सिर्फ संदेश तक रहेगी या वास्तविक कार्रवाई में तब्दील होगी. प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को वीडियो में कहा था कि जंतर-मंतर पर कुछ शरारती बच्चों ने भद्दी भाषा और गाली-गलौज का इस्तेमाल किया. उन्हें व्यक्तिगत रूप से और उनकी दिवंगत मां के बारे में अपशब्द कहे गए.
उन्होंने इसे शर्मनाक बताया, लेकिन जोर दिया कि गलती करने वाले युवाओं को सजा देने या कानूनी उलझनों में फंसाने के बजाय सही रास्ता दिखाया जाना चाहिए. पीएम ने कहा, ''मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं. समाज को भी इसे अपनाना चाहिए.'' यह बयान नोएडा की एक 15 वर्षीय प्रदर्शनकारी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद आया था.
CJP का बीजेपी IT सेल पर आरोप
दीपके ने एक वीडियो में कहा कि अगर गाली-गलौज के लिए केस दर्ज हो रहे हैं, तो बीजेपी IT सेल के उन लोगों के खिलाफ कब केस दर्ज होंगे जो सालों से महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कई यूजर्स गर्व से लिखते हैं कि पीएम मोदी उन्हें फॉलो करते हैं.
CJP ने सवाल किया कि क्या उन IT सेल सदस्यों और नेताओं के खिलाफ भी FIR दर्ज की जाएगी, जिन्होंने संसद के अंदर तक अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है. यह पहली बार नहीं है जब दीपके ने पीएम के सोशल मीडिया कंटेंट पर प्रतिक्रिया दी है. पहले भी उन्होंने पेपर लीक कानून वाले वीडियो पर तीखा कमेंट किया था.