Abhishek Banerjee FIR : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी तूफान खड़ा हो गया है. अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बिधाननगर नॉर्थ साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज होने के बाद बंगाल की सियासत गरमा गई है. आरोप है कि चुनाव से पहले दिए गए उनके कुछ भाषणों और बयानों ने विवाद खड़ा कर दिया. शिकायत में कहा गया है कि अभिषेक बनर्जी ने कथित तौर पर भड़काऊ बयान दिए, डीजे बजाने को लेकर विवादित टिप्पणी की और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही थीं.
एफआईआर दर्ज होते ही बीजेपी ने इसे कानून का एक्शन बताया है. जबकि, टीएमसी ने पूरे मामले को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्षी नेताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है. दूसरी तरफ BJP का दावा है कि बंगाल में लंबे समय तक सत्ता के दम पर विवादित बयान देने वाले नेताओं पर अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो चुकी है.
सबसे बड़ी बात यह है कि सत्ता परिवर्तन के बाद लगातार टीएमसी नेताओं पर जांच, गिरफ्तारी और एफआईआर की कार्रवाई बढ़ती दिखाई दे रही है. पहले सिंडिकेट, उगाही और आर्थिक मामलों में कई नेताओं पर शिकंजा कस चुका है, और अब अभिषेक बनर्जी के खिलाफ केस दर्ज होने से बंगाल की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है.
आने वाले दिनों में पुलिस अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेज सकती है और उनसे पूछताछ भी हो सकती है। ऐसे में यह मामला सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि बंगाल की सबसे बड़ी राजनीतिक लड़ाई बनता जा रहा है.