लखनऊ : उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुक्रवार रात उस वक्त हंगामा मच गया, जब समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी को भीड़ ने घेर लिया. आरोप है कि भीड़ ने सांसद की फॉर्च्यूनर पर पथराव किया और गाड़ी का शीशा तोड़ दिया. घटना बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा गांव के पास लेडुआ महुआ चौराहे की बताई जा रही है. सांसद ने घटना में बाल-बाल बचने की बात कही है.
जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल डीजे को लेकर हुई. शुक्रवार रात करीब 10 बजे पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजने को लेकर कार्रवाई की और डीजे वाहन को थाने ले जाने की बात सामने आई, इसके बाद जुलूस में शामिल लोग नाराज हो गए और उन्होंने सड़क पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया. आयोजकों ने डीजे वापस मिलने तक विसर्जन रोकने की बात कही.
इसी दौरान सपा सांसद पप्पू निषाद का काफिला वहां से गुजर रहा था. सांसद के मुताबिक, वह धनघटा इलाके के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करने के बाद अपने कैंप कार्यालय लौट रहे थे. अमरडोभा के पास पहुंचते ही उनकी गाड़ी भीड़ में फंस गई. इसके बाद भीड़ ने वाहन को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया. पथराव में गाड़ी का शीशा टूट गया. पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सांसद को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला.
घटना के बाद सांसद अपने समर्थकों के साथ बखिरा थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की. एएसपी सुशील कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी और थानों की फोर्स मौके पर पहुंची. एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि सांसद की तरफ से शिकायत मिली है और गाड़ी को घेरने तथा तोड़फोड़ करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गौरतलब है कि बखिरा कस्बे में गणेश उत्सव के पांच दिवसीय आयोजन के बाद विसर्जन जुलूस निकाला गया था. जानकारी के अनुसार कस्बे और आसपास की करीब 24 गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए निकली थीं. जुलूस को ढोढ़या स्थित मोती झील की ओर ले जाया गया था. विवाद के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी, जिसके चलते पुलिस बल तैनात किया गया.