गुना (मध्य प्रदेश: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र गुना में स्थानीय लोगों ने उनके काफिले को रोक लिया. लंबे समय से अधूरे पड़े सड़क निर्माण को लेकर लोगों ने नारेबाजी की और चेतावनी दी, ''रोड नहीं तो वोट नहीं.'' लोगों ने प्लेकार्ड लेकर प्रदर्शन किया और सिंधिया से मांग की कि इस बार सड़क जरूर बनवा दी जाए. एक स्थानीय व्यक्ति ने साफ कहा, ''यह रिक्वेस्ट है कि इस बार सड़क बन जाए. वरना वोटिंग के समय जब आप आएंगे तो हम बिल्कुल वोट नहीं देंगे. पूरी कॉलोनी.''
Citizen: “Get the road built on time, or we won’t vote for you.”
— WarMonitor (@WarMonitorINTL) September 18, 2026
Scindia: “Don’t use that kind of language in front of me.” pic.twitter.com/sD3oxdSRdh
इस पर सिंधिया ने सख्त अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा, ''मेरे साथ कभी भी यह भाषा इस्तेमाल मत करना. समझे? मैं सबसे बात कर रहा हूं. आप आकर रिक्वेस्ट कीजिए. काम करवाना मेरी जिम्मेदारी है. ठीक है?'' यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. घटना के महज आधे घंटे बाद सिंधिया ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में घोषणा की कि सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं.
यह राशि गुना विधायक पन्नालाल शाक्य के विधायक कोष से दी गई है. सिंधिया ने जिला कलेक्टर को निर्देश दिया कि मानसून के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू कराया जाए. स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुना नगरपालिका बुनियादी सुविधाओं को लेकर लापरवाह है. यह घटना सिंधिया के क्षेत्र में बुनियादी समस्याओं को लेकर जनता की नाराजगी को दर्शाती है.