वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए CNN, MS NOW और Politico को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित करने का ऐलान किया है. ट्रंप ने आरोप लगाया कि ये मीडिया संस्थान उनके प्रशासन और अमेरिका को लेकर लगातार “फेक न्यूज” चला रहे हैं.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्होंने सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटीको को लगातार फेक न्यूज की रिपोर्टिंग के चलते तत्काल प्रभाव से व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित किया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति, उनके प्रशासन और अमेरिका को कवर करने वाले मीडिया संस्थानों को काल्पनिक बातें और झूठ लिखने या प्रसारित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.
ट्रंप ने खास तौर पर पोलिटीको को लेकर भी गंभीर आरोप लगाया. उनका दावा है कि जो बाइडेन प्रशासन के दौरान अमेरिकी सरकार ने पोलिटीवो की सदस्यता और उसके उत्पादों पर करीब 80 लाख डॉलर खर्च किए थे. ट्रंप ने इस भुगतान को अवैध और हास्यास्पद बताते हुए इसे भ्रष्टाचार जैसा करार दिया. हालांकि, रिपोर्टों के अनुसार सरकारी खर्च के आंकड़ों में 2024 के दौरान विभिन्न अमेरिकी सरकारी एजेंसियों द्वारा पोलिटीको की सदस्यताओं और उत्पादों पर 80 लाख डॉलर से अधिक का संयुक्त खर्च दर्ज था.
ट्रंप ने संकेत दिया है कि कार्रवाई यहीं नहीं रुकेगी. उन्होंने कहा कि दूसरे फेक न्यूज मीडिया संस्थानों के खिलाफ भी इसी तरह के कदम उठाए जा सकते हैं. हालांकि, इस ऐलान के बाद प्रतिबंध को लेकर कानूनी सवाल भी उठ रहे हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिबंध को व्यवहार में किस तरह लागू किया जाएगा. ऐलान के बाद भी कुछ समय तक इन संस्थानों के पत्रकार व्हाइट हाउस परिसर में काम करते दिखाई दिए.
सीएनएन ने कहा कि वह अपनी व्हाइट हाउस टीम के साथ खड़ा है और सरकार की दखलंदाजी के बिना रिपोर्टिंग करना उसका संवैधानिक अधिकार है. पोलिटीको ने भी कहा कि वह व्हाइट हाउस की रिपोर्टिंग जारी रखेगा और अपने फर्स्ट अमेंडमेंट अधिकारों की रक्षा करेगा.