कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी के लिए एक और बड़ा झटका. नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के बाद अब रेजीनगर सीट पर भी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के ममता गुट के उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया है. ममता बनर्जी के गुट द्वारा रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए चुने गए उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने शनिवार को नामांकन वापस लेने की घोषणा की.
यह फैसला नंदीग्राम सीट की उम्मीदवार संचिता प्रधान दे के नामांकन वापस लेने के ठीक एक दिन बाद आया है. दोनों मामलों में ममता गुट के उम्मीदवार मैदान छोड़ चुके हैं. रबीउल आलम चौधरी ने बताया कि उन्होंने यह फैसला खुद ममता बनर्जी से बातचीत के बाद लिया.
उन्होंने कहा, ''सबसे पहले हमें नए चुनाव चिह्न पर लड़ना पड़ रहा है. हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है, धमकियां दी जा रही हैं और गिरफ्तारियां हो रही हैं. हम उन्हें सुरक्षा नहीं दे पा रहे. ऐसे में हम कैसे चुनाव लड़ सकते हैं?'' उन्होंने आगे कहा, ''इसी वजह से मैंने नामांकन वापस लेने का फैसला किया है. मैंने ममता बनर्जी से बात की है और उन्होंने कहा है कि जो सबसे अच्छा हो वही करो.''
चौधरी ने TMC के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर चल रहे कानूनी विवाद के साथ-साथ ममता गुट के कार्यकर्ताओं पर हो रहे कथित दबाव और धमकियों का भी जिक्र किया. यह घटनाक्रम ममता बनर्जी के गुट के लिए दोहरे झटके के रूप में देखा जा रहा है. नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर उनके चुने हुए उम्मीदवार अब उपचुनाव की रेस से बाहर हो चुके हैं.