पंजाब में हाई-वोल्टेज ड्रामा! CM भगवंत मान के काफिले पर टमाटर फेंकने की कोशिश, BJP नेता रवनीत बिट्टू हिरासत में

Amanat Ansari 19 Sep 2026 02:39 PM 1 Mins
पंजाब में हाई-वोल्टेज ड्रामा! CM भगवंत मान के काफिले पर टमाटर फेंकने की कोशिश, BJP नेता रवनीत बिट्टू हिरासत में

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में शनिवार को सियासी तनाव चरम पर पहुंच गया. पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. वे मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले पर टमाटर और अंडे फेंकने की कोशिश कर रहे थे. घटना दोपहर करीब दो बजे पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) के गेट पर हुई. आम आदमी पार्टी (AAP) ने लुधियाना में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, मनीष सिसोदिया और पार्टी के अन्य नेता शामिल होने वाले थे.

मुख्यमंत्री का काफिला PAU के बाहर से गुजरना था. इसी रास्ते पर रवनीत बिट्टू हाथ में टमाटर लेकर पहुंच गए. पुलिस ने उन्हें पहले ही आगे बढ़ने से रोक दिया. जब मुख्यमंत्री का काफिला वहां से निकला, तो बिट्टू ने भगवंत मान की गाड़ी पर टमाटर फेंकने की कोशिश की. पुलिस मौके पर मौजूद थी और उसने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया.

बिट्टू काफिले के ज्यादा करीब नहीं पहुंच पाए थे. इस पूरे मामले की जड़ शुक्रवार की घटना बताई जा रही है. बटाला के पास रवनीत बिट्टू के काफिले पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अंडे और टमाटर फेंके थे. उसी घटना के जवाब में बिट्टू आज लुधियाना पहुंचे थे. उनका मकसद मुख्यमंत्री के काफिले पर टमाटर फेंककर जवाबी कार्रवाई करना था.

दो दिनों में दो बार राजनीतिक टकराव सामने आया है. पहले बटाला में बिट्टू के काफिले पर हमला हुआ और अब लुधियाना में बिट्टू खुद टमाटर लेकर मुख्यमंत्री के काफिले के रास्ते पर पहुंच गए. इस घटना ने भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच की खींचतान को और बढ़ा दिया है. पुलिस ने रवनीत बिट्टू को PAU गेट से हिरासत में लेकर वहां से ले जाया. 

Punjab CM Bhagwant Mann BJP leader detained Ravneet Bittu

Recent News