पटना: बिहार के जमुई में छात्रा से छेड़खानी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक और गंभीर घटना सामने आ गई है. मुजफ्फरपुर के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) से एक युवती को अगवा कर मोतिहारी ले जाकर रेप करने का मामला प्रकाश में आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को युवती अस्पताल से गायब हो गई थी.
उसके पिता ने 20 सितंबर को एसकेएमसीएच ओपी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक अज्ञात युवक पीड़िता को अपने साथ ले जाता नजर आया. मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई. मानवीय और तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपी की पहचान कर ली गई. मुजफ्फरपुर सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि आरोपी सोनू सिंह है.
उसने युवती को झांसा दिया कि वह उसके पिता के ससुराल की तरफ से आया है और कुछ पैसे का लालच भी दिया. इसके बाद वह युवती को मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के छतरौनी थाना क्षेत्र में एक किराये के कमरे में ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर रेप किया. पीड़िता सीतामढ़ी जिले की रहने वाली है. सोमवार देर रात पुलिस ने उसे बरामद कर लिया. आरोपी स्वयं टीबी का मरीज है. वह इलाज के लिए मुजफ्फरपुर एसकेएमसीएच में भर्ती था.
इसी दौरान उसने युवती को बहला-फुसलाकर अस्पताल परिसर से ले जाने में सफलता पाई. यह घटना जमुई कांड के बाद बिहार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है. इससे पहले जमुई में नाबालिग छात्रा से सरेआम अश्लील हरकत का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. मुजफ्फरपुर में ही एक दिन पहले दो छात्राओं से छेड़खानी और हमले की घटना भी हुई थी.