आगरा में डेंगू ने दी दस्तक, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

Global Bharat 29 Aug 2024 03:15: PM 1 Mins
आगरा में डेंगू ने दी दस्तक, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

आगरा में डेंगू ने दस्तक दे दी है. शहर में चार नए डेंगू के मरीज मिले हैं, जिससे इस साल कुल 10 मरीजों की संख्या हो गई है. इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है और स्थिति से निपटने की तैयारियां भी शुरू हो चुकी है. सभी मरीजों का इलाज चल रहा है. जहां पानी जमा होने की समस्या है, वहां नगर निगम के साथ मिलकर फॉगिंग और स्प्रे की व्यवस्था की जा रही है.

बारिश के साथ ही डेंगू के मरीज भी मिलने लगे हैं. सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि चार नए डेंगू के मरीज मिले हैं. इनमें 10 साल का एक बच्चा एतमादपुर से, 62 साल के बुजुर्ग दयालबाग से, और 22 साल का युवक देओरी रोड से अस्पताल में भर्ती हैं. इसके अलावा, अस्पतालों में अन्य वायरल बीमारियों के मरीज भी पहुंच रहे हैं.

डेंगू कैसे फैलता है?

डेंगू मच्छरों के काटने से फैलता है, खासकर एडीज मच्छर से. ये मच्छर साफ पानी में पनपते हैं और आमतौर पर दिन के समय काटते हैं. बारिश के मौसम में जब जगह-जगह पानी जमा हो जाता है, तो मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है और डेंगू फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है.

डेंगू से बचने के लिए क्या करें ?

1. मच्छरों को पनपने से रोकें: घर के आसपास या छत पर पानी जमा न होने दें. कूलर, गमले, बाल्टियों आदि में पानी न भरने दें. पानी को ढककर रखें और समय-समय पर उसे बदलते रहें.

2. मच्छरदानी का उपयोग: रात में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें. 

3. फुल आस्तीन के कपड़े पहनें: मच्छरों के काटने से बचने के लिए फुल आस्तीन के कपड़े पहनें और शरीर को पूरी तरह ढककर रखें.

4. फॉगिंग और स्प्रे: अपने इलाके में फॉगिंग और स्प्रे कराएं, ताकि मच्छरों का प्रकोप कम हो सके.

5. मच्छर भगाने वाले क्रीम और साधनों का उपयोग: मच्छरों से बचने के लिए मच्छर भगाने वाले क्रीम, क्वाइल्स और इलेक्ट्रिक रैकेट का इस्तेमाल करें.

डेंगू से बचने के लिए ध्यान रखने वाली बातें

अगर किसी को बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, या आंखों के पीछे दर्द महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. डेंगू के लक्षण दिखने पर समय पर इलाज कराना बहुत जरूरी है, जिससे स्थिति गंभीर न हो. आपको बता दें, आगरा में डेंगू के प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया है और लोगों को सावधानी बरतने सलाह दी है.

Recent News