अंबेडकरनगर : उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती की मौत के मामले में जांच के बाद बड़ा खुलासा सामने आया है. शुरुआती आशंका में जिस घटना को लूट और हत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, जांच में उसकी तस्वीर अब पूरी तरह अलग नजर आ रही है. सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इंद्रावती की मौत का कारण हार्ट अटैक सामने आया है.
पुलिस जांच में अब तक लूट या चोरी की पुष्टि भी नहीं हुई है. परिवार की ओर से जिन आभूषणों के चोरी होने की आशंका जताई गई थी, वे भी घर से बरामद कर लिए गए हैं. जांच के दौरान IPS की मां की अंगूठी और सोने की बालियां भी सुरक्षित मिलीं. ऐसे में घर में घुसकर लूटपाट और उसके बाद हत्या किए जाने की आशंका को जांच में समर्थन नहीं मिला है.
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल से मिले तथ्यों, बरामद सामान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को आपस में मिलाकर जांच आगे बढ़ाई, इसमें फिलहाल हत्या या लूट का कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी मौत को सामान्य चिकित्सकीय कारण से हुई मृत्यु की ओर इशारा किया है.
यानी जिस मामले में शुरुआत में चोरी और हत्या की आशंका ने सनसनी पैदा कर दी थी, जांच के बाद उसकी कहानी बदल गई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक इंद्रावती की मौत किसी आपराधिक वारदात में नहीं, बल्कि हार्ट अटैक से हुई सामान्य मृत्यु थी. हालांकि, पुलिस की अंतिम जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी.