शामली: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटरों को मार गिराया. मारे गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी सुमित और मोहित के रूप में हुई है. दोनों पर पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, दोनों शूटर बाइक से सोनीपत की तरफ भागने की फिराक में थे. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने औद्योगिक थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को रोकने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं.
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुमित और मोहित को गोली लग गई. दोनों को तत्काल पुलिस टीम अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, करीब पांच दिन पहले हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात को चार आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था. जांच में सुमित और मोहित के साथ सत्यम और आर्यन के नाम सामने आए थे.
पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपी हत्याकांड में शामिल थे. वहीं, सत्यम और आर्यन अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं. हत्याकांड के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी. मामले में आगे की जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.