नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को अपना शिकार बनाया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है.
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली है. बताया जा रहा है कि वह घरवालों से नाराज होकर नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई-बहन के पास जाने के लिए निकली थी. ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंचने के बाद वह एक स्लीपर बस में सवार हो गई.
आरोप है कि बस के दिल्ली की ओर रवाना होने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. इसके बाद उसे दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे पर उतार दिया गया. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर की पहचान कुलदीप और कंडक्टर की पहचान संदीप के रूप में की है. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
बताया जा रहा है कि जिस स्लीपर बस में छात्रा सवार हुई थी, उसमें यात्रियों के सोने वाले हिस्से के बीच पर्दे लगे हुए थे. आरोप है कि इन्हीं पर्दों के कारण बस के अंदर क्या हो रहा था, यह बाहर से दिखाई नहीं दे रहा था. परी चौक से कश्मीरी गेट बस अड्डे की दूरी करीब 47 किलोमीटर है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छात्रा के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. नाबालिग पीड़िता होने के कारण पुलिस मामले में बाल संरक्षण कानूनों के तहत भी कार्रवाई कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.