हल्द्वानी : उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने का मामला सामने आया है. श्रीराम सेना समिति के सदस्य अमित कुमार ने राहुल गांधी पर दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी में हुए ‘शुद्धिकरण’ को छुआछूत से जोड़कर टिप्पणी करने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है.
अमित कुमार का आरोप है कि राहुल गांधी ने अपने बयान के जरिए एक विशेष समुदाय और उससे जुड़े लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई तथा छुआछूत से संबंधित टिप्पणी की. इसी को आधार बनाते हुए उन्होंने पुलिस में शिकायत दी थी. शिकायत के बाद पुलिस ने एससी एसटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. हालांकि, मामले में राहुल गांधी की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इस पूरे विवाद की एक अहम कड़ी खुद शिकायतकर्ता अमित कुमार भी हैं. दरअसल, अमित कुमार वही व्यक्ति हैं, जिन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक कार्यक्रम के बाद हल्द्वानी में कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किया था. इस घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अमित कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.
आरोप है कि कांग्रेस की ओर से उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के प्रयास भी किए गए थे, लेकिन उस समय मामला दर्ज नहीं हो सका. अब परिस्थितियां बदल गई हैं. जिस शुद्धिकरण को लेकर अमित कुमार पहले विवादों में आए थे, उसी मामले से जुड़े राहुल गांधी के बयान को आधार बनाकर उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
एफआईआर दर्ज होने के बाद उत्तराखंड की राजनीति में इस मामले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और राहुल गांधी के कथित बयान की जांच करेगी. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी.