बड़ा दावा! विजय ने राहुल गांधी को PM उम्मीदवार चुना... कांग्रेस बोली- गठबंधन में कोई दरार नहीं

Amanat Ansari 01 Sep 2026 02:12 PM 1 Mins
बड़ा दावा! विजय ने राहुल गांधी को PM उम्मीदवार चुना... कांग्रेस बोली- गठबंधन में कोई दरार नहीं

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने इंडिया ब्लॉक के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में राहुल गांधी का समर्थन किया है. यह दावा तमिलनाडु कांग्रेस लेजिस्लेचर पार्टी की नेता थरहाई कथबर्ट ने सोमवार को किया. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विजय ने राहुल गांधी को ही पीएम फेस चुना है और उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने टीवीके (तमिलगा वेत्री कझगम) के साथ गठबंधन में किसी दरार की अटकलों को भी खारिज कर दिया.

क्या है विवाद?

हाल ही में इंडिया टुडे के मूड ऑफ द नेशन सर्वे में विजय को प्रधानमंत्री पद के लिए तीसरा पसंदीदा चेहरा बताया गया था. इसके बाद टीवीके कार्यकर्ताओं ने विजय को भविष्य के प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करना शुरू कर दिया. इस पर कांग्रेस ने चेतावनी दी थी कि अगर विजय राहुल गांधी का समर्थन नहीं करते तो पार्टी गठबंधन से बाहर निकल सकती है. थरहाई कथबर्ट ने इन अटकलों को खारिज करते हुए साफ कहा, ''मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को ही पीएम उम्मीदवार चुना है. यही उनकी स्थिति है.''

उन्होंने कहा कि विजय को पीएम बनाने की बातें टीवीके कार्यकर्ताओं के उत्साह से निकली हैं, न कि पार्टी नेतृत्व की आधिकारिक स्थिति से. दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंध हैं. विजय की टीवीके ने इस साल तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में धमाकेदार डेब्यू किया और दशकों पुरानी डीएमके-एआईएडीएमके की दबंगई तोड़ दी. शपथ ग्रहण समारोह में विजय ने राहुल गांधी को आमंत्रित किया और उन्हें सार्वजनिक रूप से भाई कहा.

राहुल गांधी भी टीवीके सरकार का समर्थन कर चुके हैं. थरहाई कथबर्ट ने यह भी कहा कि कांग्रेस तमिलनाडु में स्वतंत्र रूप से विस्तार कर रही है और टीवीके के अधीन होकर काम नहीं करती. उन्होंने पार्टी को लोकतांत्रिक और स्वायत्त बताया. उन्होंने उत्तराखंड के हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को भाजपा की राजनीतिक घबराहट बताया.

उनका दावा है कि राहुल गांधी की व्यापक स्वीकार्यता से भाजपा डरी हुई है और वे 2029 में प्रधानमंत्री बनेंगे. गौरतलब है कि थरहाई कथबर्ट को 13 अगस्त को कांग्रेस लेजिस्लेचर पार्टी का नेता बनाया गया था. इसके बाद 31 अगस्त को विधानसभा में उन्हें फ्रंट रो सीट दी गई, जो आमतौर पर विपक्षी नेताओं को मिलती है. उन्होंने कहा कि सीट व्यवस्था में बदलाव सिर्फ उनकी नई जिम्मेदारी के कारण है.

Rahul Gandhi C Joseph Vijay Tharahai Cuthbert TVK alliance

Recent News