झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में लव मैरिज के करीब डेढ़ साल बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान शिवानी उर्फ सुधा के रूप में हुई है. पुलिस ने उसका शव घर के कमरे से बरामद किया है. वारदात के बाद उसका पति यश ठाकुर फरार बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश की रहने वाली शिवानी की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए ग्वालियर निवासी यश ठाकुर से हुई थी. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और करीब डेढ़ साल पहले दोनों ने लव मैरिज कर ली थी. शादी के बाद दोनों झांसी में रह रहे थे.
घटना के वक्त शिवानी की बहन मुस्कान भी घर में मौजूद थी. बताया जा रहा है कि आधी रात के बाद शिवानी और यश अपने कमरे में चले गए. मुस्कान घर के दूसरे कमरे में थी. करीब रात डेढ़ बजे यश ने मुस्कान से अपना बैग मांगा, इसके बाद उसने कथित तौर पर मुस्कान के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी और घर से फरार हो गया.
मुस्कान पूरी रात कमरे में बंद रही. सुबह करीब 9 बजे उसका भाई घर पहुंचा, इसके बाद कमरे का दरवाजा खुला और मुस्कान बाहर निकल सकी. जब शिवानी के कमरे की जांच की गई तो वहां उसका शव मिला. घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में पति यश ठाकुर पर हत्या का शक जताया जा रहा है. हालांकि हत्या की असली वजह और घटना के पीछे की परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी. पुलिस फरार पति की तलाश कर रही है और घर में मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है.