कौशांबी ब्लास्ट में 11 मौतों के बाद बुलडोजर एक्शन, आदिल के गोदाम पर चला योगी का बुलडोजर, एनएसए की तैयारी

Global Bharat 31 Aug 2026 09:58 PM 1 Mins
कौशांबी ब्लास्ट में 11 मौतों के बाद बुलडोजर एक्शन, आदिल के गोदाम पर चला योगी का बुलडोजर, एनएसए की तैयारी

लखनऊ : कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.

ब्लास्ट मामले में पुलिस ने फैक्ट्री मालिक मोहम्मद आदिल समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. एफआईआर के बाद प्रशासन ने आरोपियों की संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है. मुख्य आरोपी मोहम्मद आदिल के गोदाम पर प्रशासन का बुलडोजर चलाया गया. इसके अलावा आरोपियों से जुड़े अन्य गोदामों को भी ध्वस्त कराने की कार्रवाई जारी है.

मौके पर डीएम और एसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और पूरी कार्रवाई की निगरानी की जा रही है. प्रशासन की इस कार्रवाई को हादसे के बाद अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.

बताया जा रहा है कि मनौरी में पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ. धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की.

अब प्रशासन की कार्रवाई सिर्फ एफआईआर तक सीमित नहीं रहने वाली है. सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून एनएसए के तहत कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है. हालांकि, एनएसए लगाए जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.

हादसे के बाद प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि अवैध तरीके से पटाखा निर्माण और भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गोदामों को ध्वस्त करने की कार्रवाई और मामले की जांच जारी है.

Kaushambi Firecracker Factory Blast Bulldozer Action Mohammad Adil NSA Action 11 Deaths

Description of the author

Recent News