अयोध्या : उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर के दान और चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का खुलकर बचाव किया है. केशव मौर्य ने कहा कि चंपत राय बेदाग थे, बेदाग हैं और बेदाग रहेंगे.
प्रयागराज में एक कार्यक्रम के दौरान केशव मौर्य ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी करने वाले लोगों को पकड़ा जा चुका है और वे जेल में हैं. उन्होंने कहा कि बाकी मामले की जांच एसआईटी कर रही है और जांच पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए. उनके मुताबिक मीडिया ट्रायल के आधार पर किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना उचित नहीं है.
डिप्टी सीएम ने चंपत राय के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि रामलला के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाला कोई कार्यकर्ता मंदिर के चढ़ावे में एक पैसे की भी चोरी नहीं कर सकता. उन्होंने चंपत राय को सच्चा रामभक्त और रामकाज के लिए समर्पित व्यक्ति बताया.
वहीं, इस मामले को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है. समाजवादी पार्टी की ओर से भी मंदिर के चढ़ावे और ट्रस्ट की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं. इसके जवाब में केशव मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र किया और कहा कि रामभक्त जनता चुनाव में जवाब देगी.
गौरतलब है कि चढ़ावे से जुड़े विवाद की जांच के दौरान कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है. चंपत राय और ट्रस्ट के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को लेकर भी राजनीतिक बहस तेज रही है. ऐसे समय में केशव मौर्य का यह बयान राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है.