नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए एक बार फिर इंस्टाग्राम का सहारा लिया. बिष्केक में SCO शिखर सम्मेलन में व्यस्त रहते हुए भी उन्होंने एक सेल्फी-स्टाइल रील पोस्ट की, जिसमें भारत की अर्थव्यवस्था की शानदार रफ्तार का जिक्र किया और स्वदेशी अपनाने की अपील की.
भारत की GDP वृद्धि दर वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत रही. यह आंकड़ा आरबीआई के अनुमान से भी बेहतर है. प्रधानमंत्री ने अपनी रील में लिखा, ''7.8% growth. Strong numbers. Even stronger confidence.''
मोदी ने कहा कि दुनिया युद्धों और संकटों में घिरी हुई है, सप्लाई चेन बिगड़ी हुई है और कोविड के बाद से स्थिरता नहीं आई. फिर भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग झूठ की गूंज और निराशा फैला रहे हैं. यह टिप्पणी राहुल गांधी के छात्रों की गूंज अभियान पर तंज मानी जा रही है.
स्वदेशी का जोरदार आह्वान
प्रधानमंत्री ने अत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का संदेश दोहराते हुए कहा, ''हमें आत्मनिर्भर बनना है. Vocal for Local और Wed in India का मंत्र अपनाना है. जरूरत न हो तो सोना भी न खरीदें.'' उन्होंने विदेश यात्राएं कम करने और अनावश्यक सोने की खरीदारी से बचने की सलाह दी. मोदी ने जोर दिया कि जितना ज्यादा स्वदेशी पर जोर देंगे, उतनी ही जल्दी आजादी के 100 साल पूरे होने पर युवाओं को विकसित भारत सौंप पाएंगे.
यह अपील मई में भी की गई थी, जब मध्य पूर्व संकट के कारण तेल की कीमतें बढ़ी थीं. सरकार का मानना है कि सोना और विदेशी यात्राओं पर खर्च कम करने से विदेशी मुद्रा भंडार सुरक्षित रहेगा. कल ही पीएम मोदी ने इस GDP आंकड़े को Herculean feat बताया था और एक्स पर लिखा था, ''Doomsayers were doomed, and India bloomed... yet again!'' जनरेशन-Z से सीधा संवाद बढ़ाने की यह कोशिश जुलाई में जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनों के बाद और तेज हुई है.