नई दिल्ली: श्रीगंगानगर जिले की पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों की मदद से एक बड़ी सफलता हासिल की है. लालगढ़ क्षेत्र से आकाशदीप नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी नामक व्यक्ति से जुड़ा हुआ पाया गया है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तानी संपर्कों से लगातार बातचीत करता था. उसके पास से बरामद पुराने मोबाइल फोन की जांच में कई संदिग्ध बातें सामने आईं.
उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से 'krystal_hactor' नाम के प्रोफाइल से लिंक मिला. वह +92 कोड वाले पाकिस्तानी नंबरों पर वॉयस कॉल्स और मैसेजेस के माध्यम से सूचनाएं शेयर कर रहा था. मोबाइल गैलरी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाई गई कुछ तस्वीरें भी मिलीं, जिनमें आरोपी खुद को आतंकियों के साथ दिखा रहा था.
पूछताछ के दौरान आकाशदीप ने कबूल किया कि उसे मिले निर्देशों के अनुसार वह भीड़-भाड़ वाले इलाकों और महत्वपूर्ण जगहों की जासूसी करता था. उसने कई स्थानों के वीडियो रिकॉर्ड किए और उन्हें व्हाट्सएप पर पाकिस्तान भेजा. साथ ही उन जगहों तक पहुंचने के रास्तों और अन्य जरूरी डिटेल्स भी साझा की गईं.
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी के संपर्क अन्य राज्यों में हुए कुछ विस्फोटक संबंधी मामलों से भी जुड़ सकते हैं. पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं और बाकी संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश में लगी हैं.
अधिकारियों ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर मामला बताया है और कहा है कि इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.