आजमगढ़: रक्षाबंधन के मौके पर आजमगढ़ के अस्पताल में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब रोडवेज बस हादसे में घायल हुई करीब 20 महिलाओं ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को राखी बांधी. हादसे के बाद इलाज करा रहीं महिलाओं ने डीएम और एसएसपी को भाई मानकर राखी बांधी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की. इस दौरान अधिकारियों ने भी महिलाओं को हर संभव मदद और सुरक्षा का भरोसा दिलाया.
दरअसल, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई थी. आजमगढ़ के पवई क्षेत्र में तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकरा गई थी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया. हादसे में घायल कुल 34 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
घायलों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं. अस्पताल में उपचार के दौरान रक्षाबंधन का त्योहार आया तो करीब 20 महिलाओं ने जिलाधिकारी और एसएसपी को राखी बांधने की इच्छा जताई. अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर महिलाओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. इसके बाद महिलाओं ने अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी. इस भावुक पल ने अस्पताल के माहौल को भाई-बहन के रिश्ते की गर्माहट से भर दिया.
बताया गया कि इलाज के बाद 14 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से घर भेज दिया गया है, जबकि 20 घायलों का अभी अस्पताल में इलाज जारी है. डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.