नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को एक कथित पुजारी ने शादी का झांसा देकर बंधक बनाया और एक महीने तक उसके साथ दुष्कर्म किया. इस घटना ने न केवल पीड़िता के परिवार को झकझोर दिया, बल्कि समाज में भी आक्रोश पैदा कर दिया है. पीड़िता के साथ उसकी 13 वर्षीय रिश्तेदार भी थी, जो अब लापता है. बुधवार को पीड़िता की परिजन ने बरेली के एसएसपी कार्यालय में मामले की शिकायत दर्ज की, क्योंकि थाने में उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी.
चार साल पुराना रिश्ता बना हैवानियत की वजह
जानकारी के अनुसार, करीब चार साल पहले ऋषिकेश निवासी इस नाबालिग लड़की की मुलाकात बरेली के एक कथित पुजारी से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह संपर्क बढ़ता गया. आरोपी पुजारी कई बार लड़की से मिलने ऋषिकेश भी गया. उसने शादी का झांसा देकर लड़की का भरोसा जीता और कथित तौर पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद उसने लड़की के अश्लील वीडियो बनाए और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
13 अप्रैल को बरेली बुलाकर बंधक बनाया
13 अप्रैल को आरोपी ने पीड़िता को किसी बहाने से बरेली बुलाया. पीड़िता अपनी 13 वर्षीय रिश्तेदार के साथ बरेली पहुंची. इसके बाद आरोपी ने दोनों को एक धर्मस्थल में बंधक बना लिया. अगले एक महीने तक उसने नाबालिग के साथ बार-बार दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसने मारपीट की और धमकियां दीं. इस दौरान 13 वर्षीय रिश्तेदार को भी गायब कर दिया गया, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.
थाने में नहीं हुई सुनवाई, एसएसपी से लगाई गुहार
परिजन को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो वह तुरंत बरेली पहुंची. उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन वहां उनकी बात नहीं सुनी गई. आखिरकार, बुधवार को वह एसएसपी अनुराग आर्य को एक पत्र के माध्यम से पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत में बताया गया कि लड़की और उसकी रिश्तेदार पिछले एक महीने से लापता हैं. शिकायत के बाद एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया.
आरोपी हिरासत में, ऋषिकेश पुलिस को सौंपी गई जिम्मेदारी
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सीओ प्रथम को इस मामले की जांच सौंपी गई है. आरोपी पुजारी को हिरासत में ले लिया गया है. चूंकि पीड़िता उत्तराखंड के ऋषिकेश की रहने वाली है, इसलिए अब आगे की कार्रवाई ऋषिकेश पुलिस द्वारा की जाएगी. पुलिस ने यह भी बताया कि लापता 13 वर्षीय लड़की की तलाश के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं.