लोकसभा चुनाव 2024ः कई राज्यों BJP के हाथ लगी निराशा, अब एक्शन की है तैयारी?

Global Bharat 07 Jun 2024 08:50: PM 2 Mins
लोकसभा चुनाव 2024ः कई राज्यों BJP के हाथ लगी निराशा, अब एक्शन की है तैयारी?

लोकसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं. NDA ने एक बार फिर मोदी को संसदीय दल का नेता चुन लिया है. अब 9 जून को मोदी तीसरी बार शपथ ले लेंगे. लेकि इस सबके बाद अब बारी है एक्शन की, जो लेने वाली है बीजेपी. क्योंकि 2024 आम चुनाव के नतीजों ने सिर्फ बीजेपी को ही नहीं बल्कि देश और दुनिया सभी को चौंका दिया. दुनियाभर में इसकी चर्चा हुई. दुनियाभर के अख़बारों ने इसपर आर्टिकल छापे किसी ने दुःख जताया तो किसी ने ख़ुशी ज़ाहिर की. 

लेकिन अब समय है ये जानने का कि आखिर ऐसा क्यों हुआ? किसके स्तर पर चूक हुई? किसकी नज़रअंदाज़ी का परिणाम रहा कि बीजेपी बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पाई. इस काम पर बीजेपी नतीजे आने के अगले दिन से ही लग गई है. अब जानकार दावा कर रहे हैं कि उन सभी राज्यों पर बीजेपी फोकस कर रही है जहां बीजेपी को करारा झटका लगा. उन सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों पर गाज गिरने वाली है. पार्टी उनसे इस्तीफे की मांग कर सकती है. या फिर अध्यक्ष खुद ही अपने पद से इस्तीफ़ा दे देंगे.

इन राज्यों में बीजेपी हुई निराश 

सभी राज्यों के नतीजे देखने के बाद ये सामने आया है. 11 राज्य ऐसे हैं जहां के नतीज़ों ने बीजेपी को हैरान कर दिया. कई में तो बीजेपी का खाता तक नहीं खुला है. मणिपुर, मेघालय, पश्चिम बंगाल,राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, सिक्किम, मिजोरम, नगालैंड. इन तमाम राज्यों ने बीजेपी को निराश किया है. साथ ही 4 केंद्रशासित राज्य ऐसे हैं जहां बीजेपी निराश हो गई. इनमें से पुडुचेरी, चंडीगढ़, लद्दाख और लक्षद्वीप का नाम शामिल है.

पंजाब में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. पंजाब में पार्टी पूरी तरह से साफ हो गई है, जबकि पिछले चुनाव में पार्टी के दो सांसद थे. मणिपुर की दो लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने कब्जा किया. बीजेपी यहां खाता खोलने में असफल रही. जानकारों का दावा है कि मणिपुर में पिछले दिनों जो कुछ हुआ उसका खामियाज़ा पार्टी को भुगतना पड़ा. सिक्किम में लोकसभा की एक सीट है. इस सीट पर सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने जीत हासिल की.

पश्चिम बंगाल की 42 सीटों में से बीजेपी सिर्फ 12 ही सीटों पर जीत हासिल कर सकी. वहीं महाराष्ट्र की 48 सीटों में से बीजेपी ने 9 सीटें जीतीं. इसी तरह राजस्थान में सरकार होने के बावजूद बीजेपी 25 लोकसभा सीटों में से सिर्फ 14 ही अपने पाले में कर पाई. इन सबके अलावा सबसे ज्यादा चौंकाया उत्तरप्रदेश ने जहां की 80 लोकसभा सीटों में से सिर्फ 33 ही बीजेपी जीत सकी.

अब इन नतीजों के आधार पर इन सभी राज्यों के बीजेपी अध्यक्ष के रिपोर्ट कार्ड तैयार हो रहे हैं. दावा है कि इन सभी प्रदेश अध्यक्षों के खिलाफ बीजेपी एक्शन लेने वाली है. किन किन अध्यक्षों पर गाज गिरने वाली है अब वो लिस्ट देख लेते हैं.वैसे तो इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के अध्यक्षों के खिलाफ एक्शन की तयारी है. लेकिन इनमे प्रमुख नाम हैं उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, राजस्थान के बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी, पंजाब के बीजेपी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, तमिलनाडु के बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई, महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, इनमें से कुछ ने अपने इस्तीफे की पेशकश खुद ही कर दी है. अब बीजेपी इन राज्यों के लिए नए चेहरे की तलाश कर रही है.

Recent News