केरल में BJP का ऐतिहासिक फैसला! पहली बार स्पीकर पद का लड़ेगी चुनाव, BB गोपाकुमार को बनाया उम्मीदवार

Amanat Ansari 21 May 2026 02:21: PM 1 Mins
केरल में BJP का ऐतिहासिक फैसला! पहली बार स्पीकर पद का लड़ेगी चुनाव, BB गोपाकुमार को बनाया उम्मीदवार

तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने स्पीकर (अध्यक्ष) पद के चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है. पार्टी ने कोल्लम जिले की चथनूर सीट से नवनिर्वाचित विधायक बी.बी. गोपाकुमार को स्पीकर पद का उम्मीदवार घोषित किया है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की. उन्होंने बताया कि गोपाकुमार का नाम उनके और वी. मुरलीधरन द्वारा प्रस्तावित किया जाएगा.

BJP के पास सिर्फ 3 विधायक

इस बार केरल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मात्र तीन सीटें मिली हैं. इन तीनों विधायकों में शामिल हैं, राजीव चंद्रशेखर, वी. मुरलीधरन, बी.बी. गोपाकुमार. स्पीकर पद के लिए शुक्रवार को चुनाव होना है. कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने अपने वरिष्ठ नेता तिरुवंचूर राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, LDF (वाम मोर्चा) की ओर से अभी उम्मीदवार का ऐलान नहीं हुआ है.

राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि केरल की राजनीति में अब तक सच्चा विपक्ष नहीं था. भाजपा अब इस स्थिति को बदलने जा रही है. उन्होंने UDF और LDF पर 'एडजस्टमेंट पॉलिटिक्स' यानी आपसी सांठ-गांठ की राजनीति का आरोप भी लगाया.

शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि

नवनिर्वाचित तीनों भाजपा विधायकों ने शपथ ग्रहण से पहले तिरुवनंतपुरम के पलायम शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की. इसके बाद वे विधानसभा पहुंचे. यह केरल में भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी पहली बार स्पीकर पद के चुनाव में औपचारिक रूप से हिस्सा ले रही है.

Kerala Assembly Speaker election BJP in Kerala Rajeev Chandrasekhar BB Gopakumar

Recent News