''यूजीसी न था, न आएगा और न रहेगा…'' बागपत में बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान, राहुल गांधी को कहा- ''55 साल के हो गए, बुद्धिमान नहीं बने''

Amanat Ansari 01 Nov 2026 08:25 PM 1 Mins
''यूजीसी न था, न आएगा और न रहेगा…'' बागपत में बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान, राहुल गांधी को कहा- ''55 साल के हो गए, बुद्धिमान नहीं बने''

बागपत: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को बागपत के पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में आयोजित क्षत्रिय स्वाभिमान महासम्मेलन में यूजीसी को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि यूजीसी न था, न आएगा और न रहेगा. साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सीजेपी और राज ठाकरे पर भी तीखा निशाना साधा.

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “हम जो बोलते हैं, सोच-समझकर बोलते हैं. यूजीसी न था, न आएगा और न रहेगा.” उन्होंने सीजेपी के आंदोलन को युवाओं को बरगलाने वाला बताया और आरोप लगाया कि इसके लिए विदेश से फंडिंग आती है. उन्होंने कहा कि दिवाली का समय है, लेकिन आंदोलन करना है. व्यापारियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं मानी गई. युवाओं को ऐसे आंदोलनों में शामिल होने के बजाय सही दिशा में आगे बढ़ना चाहिए.

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “55 साल के हो गए हैं, लेकिन बुद्धिमान नहीं बने. विपक्ष का नेता ऐसा हो गया है जैसे बंदर नाच रहा हो. कभी इस डाल पर तो कभी उस डाल पर. जब बंदर बाबा को देखता हूं तो दुख होता है.” उन्होंने राज ठाकरे पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि मुंबई में उत्तर भारतीयों से मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.

अपने चिरपरिचित अंदाज में बृजभूषण ने कहा कि उनका दबदबा था, दबदबा है और दबदबा रहेगा. दबदबा बनाने के लिए सुबह चार बजे उठना पड़ता है और मेहनत व अनुशासन जरूरी है. उन्होंने अपनी दिनचर्या का उदाहरण देते हुए कहा कि वे गायों को गुड़ खिलाते हैं, भैंसों को चारा डालते हैं और खेती भी करते हैं. युवाओं को मेहनत करने से पीछे न हटने का संदेश दिया.

सम्मेलन में समाज की एकजुटता, स्वाभिमान और युवाओं को संस्कृति-परंपराओं से जोड़ने पर जोर दिया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया.

Recent News