बिल्डर-इंफ्लुएंसर 'पूकी डॉन' गिरफ्तार; पिस्तौलें, 371 कारतूस और तलवारें बरामद

Amanat Ansari 01 Apr 2026 09:42: PM 1 Mins
बिल्डर-इंफ्लुएंसर 'पूकी डॉन' गिरफ्तार; पिस्तौलें, 371 कारतूस और तलवारें बरामद

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 55 वर्षीय बिल्डर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर 'पूकी डॉन' को उनके घर में हथियारों का भंडार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने उनके घर से कई हथियार बरामद किए, जिनमें कुछ "Made in USA" लिखी हुई पिस्तौलें और रिवॉल्वर, 371 कारतूस, 167 एयर गन पेलेट्स, एक तलवार और एक बटन चाकू शामिल हैं. ये सभी हथियार जूते रखने वाली अलमारी के पैनल के पीछे छिपाए गए थे.

आरोपी सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल को 28 मार्च को डोंबिवली में गिरफ्तार किया गया. यह गिरफ्तारी महज एक हफ्ते बाद हुई, जब वे एक अन्य मामले में जमानत पर बाहर आए थे. क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने उनके आवास की तलाशी ली. घर के इंटीरियर से मेल न खाने वाले नए शू रैक के फर्जी पैनल पर शक होने पर पुलिस ने उसे खोला और हथियारों का जखीरा बरामद किया.

पुलिस ने पांच देसी पिस्तौलें और रिवॉल्वर, दो एयर गन, 371 कारतूस, 167 एयर गन पेलेट्स, एक तलवार, एक बटन चाकू, एक अन्य धारदार हथियार और दो स्टील की रॉड्स बरामद कीं. बरामद हथियारों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई है. अधिकारियों ने कहा कि कारतूसों की इतनी बड़ी मात्रा से साफ है कि यह स्टॉक इस्तेमाल करने योग्य था. क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया, "गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा गया. हमने एक नए लगे शू रैक के फर्जी पैनल के पीछे छिपाए गए हथियारों का जखीरा बरामद किया, जो घर के इंटीरियर से मेल नहीं खा रहा था."

पाटिल, जो खुद एक हिस्ट्रीशीटर भी हैं, ने दावा किया कि ये हथियार उनके गैंगस्टर-स्टाइल सोशल मीडिया वीडियोज के लिए प्रॉप्स थे. हालांकि, जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि क्या वह एक मिनी-आर्मी तैयार कर रहा था या फिर स्थानीय अपराधियों को हथियार सप्लाई कर रहा था. पाटिल के खिलाफ आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. साथ ही पुलिस आगे की जांच भी कर रही है.

Pookie Don Surendra Patil Thane arrest weapons cache Dombivli raid

Recent News