बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आधी रात शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे 30 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि महिला के पति ने अपनी पत्नी के साथ युवक को घर के अंदर पकड़ लिया था, इसके बाद गुस्साए पति ने युवक की जमकर पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
मामला बुलंदशहर के छतारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय पुष्पेंद्र का एक शादीशुदा महिला से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र आधी रात महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। दोनों की मुलाकात की भनक महिला के पति को लग गई.
इसके बाद पति ने घर के अंदर पुष्पेंद्र को अपनी पत्नी के साथ कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोप है कि इसके बाद पति ने अपना आपा खो दिया और पुष्पेंद्र की पिटाई शुरू कर दी. मारपीट इतनी गंभीर थी कि पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने महिला, उसके पति और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति फिलहाल फरार बताया जा रहा है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है. साथ ही हत्या की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.