अलीगढ़: 68500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 में पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों ने शनिवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास का घेराव कर दिया. मंत्री की शादी की खबर सुनते ही अभ्यर्थी अलीगढ़ पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर नारेबाजी की.
सबसे चर्चित पोस्टर पर लिखा था, ''मंत्रीजी आपकी तो शादी हो जाएगी, हम तो कुंवारे ही मर जाएंगे.'' अन्य नारों में कहा गया, ''दादा ने मौका दिया-पोते ने धोखा दिया'', ''मंत्रीजी जिस समाज से आते हैं उन्हीं बच्चों को रुलाते हैं... ऐसी क्या मजबूरी है आरक्षण की चोरी है.'' मथुरा, कासगंज, बरेली समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने लंबे इंतजार के बाद भी नियुक्ति न मिलने पर अपनी पीड़ा जाहिर की.
उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत छूट देने और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की संस्तुति की है. उन्होंने इसी संस्तुति को लागू करने की मांग की. अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी सौंपा. पत्र में कहा गया कि ओबीसी अभ्यर्थियों को 150 में 60 अंक (40 प्रतिशत) पर पात्र मानते हुए शीघ्र नियुक्ति दी जाए.
करीब चार घंटे चले धरने के दौरान मंत्री संदीप सिंह आवास के सामने होटल में ही रहे और अभ्यर्थियों से मिलने से इनकार कर दिया. कुछ देर बाद बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री उनके सामने से गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए. अभ्यर्थियों ने कहा कि मंत्री जिस समाज से आते हैं, उसी समाज के बच्चों को रुला रहे हैं.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आवास के सामने से हटाया तो उन्होंने मार्च निकालकर जिलाधिकारी आवास और फिर अंबेडकर पार्क पहुंचा. पार्क का गेट बंद होने पर वे गेट पर ही बैठ गए और देर शाम तक न्याय की गुहार लगाते रहे. प्रदर्शन में भूपेंद्र सिंह खैर, कुसुम सिंह, महेश कुमार आदि शामिल रहे.