कानपुर में ओवैसी की जनसभा में कुर्सियों की बरसात, युवकों में जमकर भिड़ंत; वीडियो वायरल

Amanat Ansari 23 Sep 2026 07:24 PM 1 Mins
कानपुर में ओवैसी की जनसभा में कुर्सियों की बरसात, युवकों में जमकर भिड़ंत; वीडियो वायरल

कानपुर: AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी की 20 सितंबर को कानपुर के बाबूपुरवा बगाही ईदगाह मैदान में हुई जनसभा के दौरान कुछ युवकों के बीच जमकर विवाद हो गया. धक्का-मुक्की और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंक दीं. इस हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 45 सेकंड के वायरल वीडियो में सभा स्थल के सामने दो पक्षों के लोग एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर कुर्सियों से हमला करते दिख रहे हैं. कई कुर्सियां टूटकर बिखर गईं और जनसभा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

विवाद कैसे शुरू हुआ?

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार, कुर्सी पर बैठने को लेकर दो पक्ष के कार्यकर्ताओं में कहासुनी हो गई. पहले गाली-गलौज हुई, फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर कुर्सियां चलाने लगे. जनसभा में मौजूद कई कार्यकर्ता विवाद में बीच-बचाव करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त रहे.

हंगामा बढ़ने पर मंच से पदाधिकारियों ने माइक के जरिए शांत रहने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन कुछ देर तक विवाद जारी रहा. मंच और आसपास पुलिस फोर्स मौजूद होने के बावजूद यह तांडव हुआ. एसीपी बाबूपुरवा वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. अभी तक किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है.

ओवैसी ने सपा पर क्या हमला बोला?

जनसभा में असदुद्दीन ओवैसी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही “भैया आ रहे हैं” का नारा दिया जा रहा है. चुटकी लेते हुए उन्होंने पूछा, “तुम्हारा भैया आ गया तो क्या हुआ था, कितने दंगे हुए थे?” उन्होंने मुजफ्फरनगर कांड का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 50 हजार लोग अपने घर-गांव से बेघर हो गए थे.

इतने लोग तो बंटवारे के समय भी बेघर नहीं हुए थे. ओवैसी ने मुसलमानों से कहा कि जिन दलों को वोट दिया, उनसे विकास और शिक्षा का हिसाब मांगना चाहिए. उन्होंने विपक्षी दलों को गठबंधन का प्रस्ताव देते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार नहीं चाहते. दो अक्टूबर तक इंतजार करेंगे, जिसके साथ गठबंधन होगा, उसी दिन ऐलान किया जाएगा.

Recent News