''पर्ची खोलकर नाम क्यों नहीं बताते बाबा...'' राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर चंद्रशेखर आजाद का धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला

Amanat Ansari 02 Jul 2026 09:23: PM 1 Mins
''पर्ची खोलकर नाम क्यों नहीं बताते बाबा...'' राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर चंद्रशेखर आजाद का धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला

लखनऊ: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी घोटाले को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) पर जोरदार निशाना साधा है. बिना नाम लिए उन्होंने शास्त्री को ''ढोंगी बाबा'' करार देते हुए सवाल किया कि चमत्कार और पर्ची के दावे करने वाले बाबा अब दोषियों के नाम बताने से क्यों डर रहे हैं?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने लिखा कि जो बाबा दूसरों का भूत-भविष्य बताते हैं और पर्ची खोलकर चमत्कार दिखाते हैं, वे राम मंदिर (ईश्वर के घर) में हुई कथित लूट के दोषियों का नाम लेने से क्यों कतराते हैं? उन्होंने कहा, ''जान का खतरा बताकर नाटक कर रहे हैं. अब पर्ची क्यों नहीं खोलते?''

चंद्रशेखर ने आगे लिखा कि चमत्कार और अंधविश्वास के नाम पर लोगों को लंबे समय से गुमराह किया जा रहा है. अब जनता को समझना चाहिए कि न्याय किसी पर्ची, चमत्कार या अंधविश्वास से नहीं मिलता, बल्कि भारत के संविधान, कानून और निष्पक्ष पुलिस जांच से मिलता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अंधविश्वास से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा करें.

धीरेंद्र शास्त्री ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कहा था कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अभी सिर्फ छोटी मछलियां पकड़ी गई हैं. उन्होंने दावा किया था, ''अगर मैं पर्ची खोलकर बड़े नामों का खुलासा कर दिया तो वे मुझे निपटा देंगे, जान को खतरा हो जाएगा.'' इसी बयान पर चंद्रशेखर ने पलटवार किया है.

Chandrashekhar Azad Azad samaj party Dhirendra Shastri Ayodhya Ram Mandir

Recent News