कोलकाता: शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी राज सिंह की बीजेपी के कई बड़े नेताओं से कथित निकटता सामने आने के बाद राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई है. राज सिंह, जो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, पर चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. अब सोशल मीडिया पर राज सिंह की कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह बीजेपी के नेताओं के साथ नजर आ रहा है.
बीजेपी कनेक्शन के दावे
वायरल तस्वीरों में राज सिंह को बीजेपी एमएलसी रवि शंकर सिंह के घर पर आयोजित शादी समारोह में शामिल होते हुए और एक वीडियो में बीजेपी उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार करते हुए देखा जा रहा है. विपक्षी दलों ने इन तस्वीरों और कथित संबंधों को लेकर बीजेपी पर हमला बोल दिया है. कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के पीए की दिनदहाड़े हत्या हुई थी, जिसके मुख्य आरोपी का बीजेपी से घनिष्ठ संबंध है. यूपी कांग्रेस ने भी आरोप लगाया कि राज सिंह बीजेपी के मंत्रियों और नेताओं का करीबी है तथा बृजभूषण शरण सिंह जैसे नेताओं से भी उसकी निकटता बताई जा रही है.
पहले क्या था मामला?
इस हत्या के बाद शुरू में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने टीएमसी पर आरोप लगाया था. लेकिन अब मुख्य आरोपी के बीजेपी नेताओं से कथित संबंध सामने आने के बाद पूरा मामला उलट गया है. 7 मई की रात चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी. 10 मई को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें बलिया का राज सिंह, मयंक राज और विकी मौर्य शामिल हैं. राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया.
आरोपी की मां का बयान
राज सिंह की मां ने पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि उनके बेटे को लखनऊ में एक बीजेपी नेता (एमएलसी) की बेटी की शादी अटेंड करने के बाद अयोध्या से लौटते समय गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कहा कि वे भी अपने बेटे के साथ शादी में गई थीं और अयोध्या में मजार पर चादर चढ़ाने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
इस मामले की जांच अब सीबीआई करेगी. बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को बंगाल पुलिस की हिरासत में सौंप दिया है. वर्तमान में आरोपी राज सिंह की बीजेपी नेताओं के साथ तस्वीरें और उसके कथित राजनीतिक संबंध पूरे मामले की गुत्थी को और उलझा रहे हैं.